*उत्तरकाशी :  पुलिस ने 5–6 नाली भूमि पर उगी भांग की खेती को किया नष्ट, ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कार्रवाई*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत जनपद उत्तरकाशी में अवैध नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उत्तरकाशी पुलिस द्वारा नशे के स्रोतों पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बड़कोट पुलिस की टीम ने ग्राम पाली के बड़ाता नामक तोक में लगभग 5–6 नाली बंजर भूमि पर प्राकृतिक रूप से उगी भांग को नष्ट किया।

पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस की टीम द्वारा उक्त कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध स्रोतों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है।

विनष्टीकरण की कार्रवाई के उपरान्त पुलिस टीम द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवा पीढ़ी और बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील करते हुए बताया कि अपने आसपास भांग,अफीम आदि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, अवैध खेती अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ताकि सामूहिक प्रयासों से समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। नशे के अवैध कारोबार एवं अवैध खेती में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में राजेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल विपिन शर्मा,होमगार्ड सूर्यपाल सिंह, पीआरडी सायब लाल,पीआरडी कृष्णा असवाल शामिल रहे “

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *