जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट /उत्तरकाशी*
बड़कोट तहसील के अंतर्गत पौल गांव निवासी अमर शहीद आशाराम जगूड़ी के बलिदान दिवस पर सोमवार को आईटीबीपी मातली के जवानों द्वारा शहीद स्मारक स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जवानों एवं ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर उनके अदम्य साहस और देशभक्ति को नमन किया।
विदित हो कि 25 मई 2002 को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान गश्ती दल पर आतंकवादियों ने अचानक हमला कर गोलीबारी शुरू कर दी थी। उस कठिन परिस्थिति में ड्यूटी पर तैनात आशाराम जगूड़ी ने आतंकवादियों का बहादुरी से मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।बलिदान दिवस के अवसर पर आईटीबीपी मातली के जवान पौल गांव स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और शहीद जवान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में देशभक्ति और सम्मान का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर आईटीबीपी से इंस्पेक्टर गुरु बच्चन सिंह, एसआई राकेश सिंह, ग्राम प्रधान प्रीति जगूड़ी, शहीद की पत्नी उर्मिला देवी, गिरजानंद जगूड़ी, सुनील, प्रदीप, सीमा बिजल्वाण, संजय, राजेश उनियाल, मदन पैन्यूली सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।