जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा जनपदवासियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियोरोधी दवा पिलाने की अपील की गई।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) एवं उपाध्यक्ष, राज्य औषधीय पादप बोर्ड, उत्तराखण्ड, प्रताप सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी डॉ. पी.एस. पोखरियाल तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभियान के अंतर्गत जनपद में 344 बूथ,4 मोबाइल बूथ, 4 ट्रांजिट टीमें एवं 134 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। जनपद के 34,805 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जनपद को 6 जोनों में विभाजित किया गया है तथा सभी जोनल अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र आवंटित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) एवं उपाध्यक्ष, राज्य औषधीय पादप बोर्ड, उत्तराखण्ड, प्रताप सिंह पंवार सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा पोलियोरोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण एवं श्रीमती प्रीति गौड़ सेमवाल, कुशला शाह, उषा चौहान, रुचि सेमवाल, कल्पना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।