*उत्तरकाशी : तकनीकी समिति द्वारा स्यानाचट्टी में गड़गड़ गाड़ के चैनलाइजेशन कार्यों की तकनीकी समीक्षा एवं सिलक्यारा टनल का निरीक्षण सम्पन्न*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तरकाशी द्वारा गठित तकनीकी समिति ने शुक्रवार को स्यानाचट्टी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी, उत्तरकाशी द्वारा किया गया। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, छठा वृत्त, उत्तरकाशी, अधिशासी अभियंता, सिंचाई कार्यमण्डल, उत्तरकाशी, सहायक अभियंता, उत्तराखण्ड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केन्द्र, जिला भू-वैज्ञानिक, भू-विज्ञान एवं खनिज निदेशालय, उत्तरकाशी तथा आपदा सलाहकार (कंसल्टेंट), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तरकाशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान स्यानाचट्टी में गड़गड़ गाड़ के चैनलाइजेशन कार्य, जो सिंचाई विभाग, पुरोला द्वारा कराए जा रहे हैं, उनकी विस्तृत समीक्षा की गई। समिति द्वारा कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, जल निकासी व्यवस्था, नदी प्रवाह की स्थिति, तट सुरक्षा उपायों तथा मानसून के दृष्टिगत संभावित जोखिमों का तकनीकी परीक्षण किया गया। साथ ही कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा की गई।

निरीक्षण के उपरांत तकनीकी समिति द्वारा अपने निरीक्षण एवं मूल्यांकन के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जिसे आवश्यक संस्तुतियों सहित उच्च अधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई हेतु प्रेषित किया जाएगा, ताकि विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के अनुरूप आवश्यक तकनीकी सुधार एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

इसके उपरांत निरीक्षण दल द्वारा सिलक्यारा टनल का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान टनल से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कार्यदायी संस्था से अद्यतन कार्य प्रगति प्रतिवेदन (Progress Report) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, जिससे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का समुचित आकलन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

जनपद प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि मानसून अवधि के दौरान संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी की जा रही है तथा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *