कार्यशाला में विद्यार्थियों को करियर और विदेश में रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

डाकपत्थर (देहरादून)

वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में शनिवार को करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा विशेष रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर से पहुंचे विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों, कौशल विकास योजनाओं और विदेश में रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यशाला में महाविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से करियर, कौशल प्रशिक्षण और विदेश में रोजगार से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि सरकार की कौशल विकास योजनाएं युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ओवरसीज स्किल डेवलपमेंट ऑफिसर उज्ज्वल सिंह भंडारी ने विदेश में रोजगार के लिए सही मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण को आवश्यक बताया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारपरक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना महाविद्यालय की प्राथमिकता है। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राधेश्याम गंगवार ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति सजग रहना चाहिए। मुख्य वक्ता पूजा राठौर ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।

करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. विजय बहुगुणा ने कहा कि सेल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी सही और प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता कैंतुरा ने किया।

इस अवसर पर वाधवानी फाउंडेशन एवं ईट राइट यंग हैकथॉन से जुड़े विद्यार्थी शुभम तोमर, नरेंद्र चौहान, ध्वनि चौहान, राहुल तोमर, ध्वज सिंह राणा और शाहरुख खान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। इतिहास विभाग के प्राध्यापक अनिल शाह, शोधार्थी विजय नेगी, अंकिता, पर्यावरण मित्र नरेंद्र सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *