साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने लौटाए 98,900 रुपये

साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने लौटाए 98,900 रुपये

मोरी (उत्तरकाशी)

साइबर ठगी के मामले में मोरी थाना पुलिस और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई 98,900 रुपये की पूरी धनराशि वापस उसके बैंक खाते में जमा करवा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार जून 2026 में एक व्यक्ति ने थाना मोरी में तहरीर देकर उसके साथ 98,900 रुपये की साइबर धोखाधड़ी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की जांच के दौरान थाना मोरी एवं साइबर टीम ने तकनीकी माध्यमों से आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ ही संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। टीम के लगातार प्रयासों और प्रभावी कार्रवाई के बाद ठगी की गई शत-प्रतिशत धनराशि 98,900 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करवाने में सफलता मिली।

पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार किसी भी अनजान लिंक, ई-मेल, एसएमएस या लालच भरे ऑफर पर बिना सत्यापन के क्लिक न करें। बैंक खाते से संबंधित ओटीपी, सीवीवी, पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान व्यक्ति के भेजे क्यूआर कोड को स्कैन करने से बचें। ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *