उत्तराखंड Express ब्यूरो
*मोरी /उत्तरकाशी*
विकासखंड मोरी के सीमांत गांव भितरी में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक नैटवाड़ की ओर से वित्तीय जागरूकता एवं बैंकिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण खातों के समुचित संचालन, वित्तीय अनुशासन तथा विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में क्षेत्र पंचायत सदस्य राजीव कुंवर भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों से बैंकिंग एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की और बैंक की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शाखा प्रबंधक योगेश चंद्र पंत ने ग्रामीणों को ऋण खातों को नियमित रखने, समय पर किस्तों का भुगतान करने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर बैंक में उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने एनपीए खातों में बकाया राशि की वसूली को लेकर ग्राहकों से संवाद करते हुए ऋण खातों को समयबद्ध रूप से नियमित करने का आह्वान किया।
किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा और इसके उचित संचालन की जानकारी देते हुए समय पर के सी सी का नवीनीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि नवीनीकरण से किसान बढ़ी हुई ऋण सीमा के साथ फसल बीमा सहित संबंधित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। किसानों को कृषि एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए उपलब्ध बैंक ऋण सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत खाते खोलने तथा पात्र स्वयं सहायता समूहों एवं उनके सदस्यों को बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई। ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना , प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों से इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया गया।
शाखा प्रबंधक योगेश चंद्र पंत ने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें वित्तीय रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने ऋण खातों को नियमित रखने और बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस मौके पर कैशियर रविंद्र सिंह ने भी ग्रामीणों की बैंकिंग संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। शिविर में जोत सिंह, बसी देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।