*उत्तरकाशी : ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत IIT खड़गपुर की दस दिवसीय कार्यशाला हेतु हुआ महाविद्यालय के दो छात्रों का चयन*

 

*जयप्रकाश बहुगुणा 

उत्तरकाशी

एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी से विज्ञान संकाय के दो विद्यार्थियों रोहित राज एवं ध्रुव पंवार का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर में आयोजित होने वाली दस दिवसीय कार्यशाला के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थियों के चयन से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। इस कार्यशाला में प्रतिभाग करने से विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ने, अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्राप्त होगा। यह सहभागिता विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी शैक्षणिक समझ को व्यापक बनाने में सहायक होगी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पन्त ने दोनों विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी इस अवसर का सदुपयोग करते हुए नए अनुभव एवं ज्ञान अर्जित करेंगे तथा महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. रीना शाह ने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी सद्‌भाव एवं देश की विविधता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक समझ का विस्तार करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता का अवसर प्रदान करते हैं। महाविद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इसे महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *