*गुलदार का आतंक : घास काटने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, क्षत -विक्षत हालत में महिला का शव बरामद*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

*श्रीनगर गढ़वाल*

श्रीनगर-पौड़ी मोटर मार्ग पर खंडाह के पास गुलदार के हमले में 51 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला शुक्रवार शाम घास काटने के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। कुछ समय बाद महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, घटना खंडाह से करीब तीन किलोमीटर आगे स्थित अमदार तरौली गांव में शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे हुई। बताया जा रहा है कि महिला घास काटने गई थी, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार ने महिला के गले पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।आबादी के नजदीक गुलदार के हमले में महिला की मौत से ग्रामीणों में भय का माहौल है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की सक्रियता के चलते लोगों को घास काटने, मवेशियों के लिए चारा जुटाने और अन्य जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी खतरा महसूस हो रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने, प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के बीच अमदार तरौली गांव की इस घटना ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *