उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
देहरादून
यमुनोत्री धाम के प्रवेश द्वार बड़कोट के पौल गांव में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग के प्रवेश द्वार पर क्षेत्र के आराध्य देव बाबा बौखनाग का मंदिर बनाने की मांग उठी है। बाबा बौखनाग देव समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर सुरंग के बड़कोट की ओर स्थित प्रवेश द्वार पर मंदिर निर्माण की मांग की। समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पर्यटन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यालय ग्राम भाटिया, बड़कोट की बाबा बौखनाग देव समिति ने ज्ञापन में कहा कि बड़कोट चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में शामिल होने के साथ ही यमुनोत्री धाम का प्रवेश द्वार भी है। क्षेत्र में यमुनोत्री हाईवे पर पौल गांव से सिलक्यारा तक सुरंग का निर्माण होने से इसका महत्व और बढ़ गया है। ऐसे में पौल गांव के समीप सुरंग के प्रवेश द्वार पर क्षेत्र के आराध्य देव बाबा बौखनाग का मंदिर बनाया जाना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष जयेन्द्र सिंह रावत, संरक्षक यशवंत सिंह रावत और सचिव गोपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिर निर्माण से स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था को सम्मान मिलेगा। साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बाबा बौखनाग के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष जयेन्द्र सिंह रावत, संरक्षक यशवंत सिंह रावत, सचिव गोपाल सिंह बिष्ट, संजय प्रसाद डिमरी, शिव प्रसाद डिमरी, विजय सिंह रावत, चंद्रमोहन सिंह पंवार, देवेंद्र सिंह चौहान सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल रहे।
