उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
उत्तरकाशी
राज्य स्थापना दिवस पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही आयोजित होने वाली लॉटरी के पुरस्कारों के लिए भी स्वयं सहायता समूहों से उत्पाद खरीदे जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ समूहों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित प्रदर्शनी और लॉटरी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की योजना है। लॉटरी के पुरस्कारों में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद शामिल होने से इनके प्रति लोगों की रुचि बढ़ने के साथ उत्पादों की बिक्री को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
