उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोरी पुलिस ने 535 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अवैध अफीम की खेती से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की शाम मोरी-पुरोला मार्ग पर पेटियांना जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग के दौरान होंडा डियो स्कूटी संख्या UK 16F 1068 को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान स्कूटी सवार पंकज कुमार (20), निवासी लखनवाला, थाना सहसपुर, देहरादून और अभिषेक (25), निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, देहरादून के कब्जे से 535 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद चरस की कीमत करीब 1.07 लाख रुपये बताई है। दोनों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा, मोरी थाने में मई 2026 में अवैध अफीम की खेती के संबंध में दर्ज दो मामलों में वांछित चल रहे पालेश्वर (46) और रत्ना (53) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस साल 37 नशा तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 मामलों में 37 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 53.70 लाख रुपये मूल्य की 9.5 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आमजन से नशे की तस्करी और बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।
