*उत्तरकाशी : धौंतरी में महिला सम्मान एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित, विधायक सुरेश चौहान ने गाजणा पट्टी के 19 महिला मंगल दलों को वितरित की आवश्यक सामग्री*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

शुक्रवार को स्व. कमला राम नौटियाल राजकीय इंटर कॉलेज, धौंतरी में महिला सम्मान समारोह एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विधायक एवं जिलाध्यक्ष ने क्षेत्र के महिला मंगल दलों तथा नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान गाजणा पट्टी के 19 गांवों के महिला मंगल दलों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य महिला मंगल दलों को सशक्त बनाना, ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना गांवों के विकास में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी को और मजबूत करना है।

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से मिले अपार जनसमर्थन तथा मातृशक्ति के स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत होकर उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्रामसभा के महिला मंगल दलों को विधायक निधि से एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। उसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए महिला मंगल दलों की आवश्यकताओं के अनुरूप सामग्री वितरित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विकासखंड भटवाड़ी एवं डुण्डा की अनेक ग्राम सभाओं में महिला मंगल दलों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। कई महिला समूहों ने सार्वजनिक कार्यों के निर्माण एवं मंदिरों के सौंदर्यीकरण से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई गई। वहीं, जिन महिला मंगल दलों ने रसोई एवं बर्तन संबंधी सामग्री की मांग की, उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।

विधायक चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है। वहीं, राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। महिला मंगल दल गांवों की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण धुरी हैं। उनके सशक्त होने से गांवों में सामूहिक सहभागिता बढ़ेगी और विकास कार्यों को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सम्मान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के प्रति हमारे विश्वास, संकल्प और कृतज्ञता का प्रतीक है। क्षेत्र की बहनों, महिला मंगल दलों, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया।भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने अपने संबोधन में महिला मंगल दलों एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत गांवों में बसती है। ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों और महिला मंगल दलों की सक्रिय भूमिका से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान सम्मान, युवाओं के लिए अवसर, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकारी सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास, सुशासन, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में सड़क एवं संपर्क सुविधाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, शिक्षा के विकास, धार्मिक पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चारधाम यात्रा से जुड़े क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री सुरेश चौहान के प्रयासों से विकास कार्यों को गति मिल रही है। भाजपा सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की सरकार को पुनः जनसमर्थन मिलने का विश्वास भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गाजणा मंडल अध्यक्ष राजीव नौटियाल, मनोजेन्द्र रावत, रजनीश चौहान, जिला पंचायत सदस्य गाजणा श्रीमती प्रियंका रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अविनाश रावत, मनवीर बिघाणा, मंडल महामंत्री बलवीर चौहान, यशवीर पयाल, सुकेश नौटियाल, डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, ज्येष्ठ प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, अव्वल सिंह राणा, राय सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुमनी राणा, पूर्व डीपीसी सदस्य प्रतिनिधि हंसराज चौहान, पूर्व डीपीसी सदस्य मेघ सिंह राणा, जितेन्द्र पोखरियाल, फूल सिंह रावत सहित भाजपा के पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण, महिला मंगल दलों की सदस्याएं, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *