*उत्तरकाशी : यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग की चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया दो दिवसीय औचक निरीक्षण*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर एवं निर्बाध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आगामी शीतकालीन यात्रा के दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. श्याम विजय द्वारा यात्रा मार्ग पर संचालित विभिन्न चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों का दो दिवसीय औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के प्रथम दिन रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्क्रीनिंग केंद्र दोबाटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरादी, राणाचट्टी एवं जानकीचट्टी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी संचालन, चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा यमुनोत्री पैदल यात्रा मार्ग पर स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट तथा फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर बमबूहाट, राम मंदिर एवं भंडेलीगाड़ का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यकतानुसार मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ओपीडी रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका एवं उपलब्ध आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दूसरे दिन सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणी का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर एवं चिकित्सालय में लगे सूचना एवं दिशा-निर्देश संबंधी बोर्डों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं मरीजों के अनुकूल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि आगामी शीतकालीन यात्रा के दौरान भी श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके दृष्टिगत सभी चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयां आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, मानव संसाधन एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी, डॉ. मुकेश राय, डॉ. अखिल राणा, प्रेम भारती एवं जगमोहन रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *