जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
जनपद उत्तरकाशी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद के दो चिकित्सकों डॉ. आर.सी. आर्य एवं डॉ. मनोज असवाल को ‘उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान 2024-2025’ से सम्मानित किया गया है।
उत्तराखंड डिस्कवर 24 न्यूज द्वारा आम जनमानस से प्राप्त फीडबैक के आधार पर शिक्षा, चिकित्सा, संगीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने वाले तथा अपने कार्यों से जनमानस पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की पहल की गई। इसी क्रम में रविवार, 01 नवंबर को कोटद्वार स्थित टीसीजी स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष डॉ. ऋतु खंडूड़ी भूषण द्वारा दोनों चिकित्सकों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
उप जिला चिकित्सालय पुरोला में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं जनरल फिजिशियन के रूप में कार्यरत डॉ. मनोज असवाल जनपद में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। चिकित्सकीय सेवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समर्पण एवं सेवाभाव को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।
वहीं, डॉ. आर.सी. आर्य जनपद में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उनके द्वारा सप्ताह में छह दिन उप जिला चिकित्सालय पुरोला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में गर्भवती महिलाओं तथा आमजन को अल्ट्रासाउंड की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उनके इस प्रयास से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही महत्वपूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें लंबी दूरी तय करने और अन्यत्र जाने की परेशानी से राहत मिल रही है।
इसके अतिरिक्त चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी डॉ. आर्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के मार्गदर्शन में वह यमुनोत्री धाम के नोडल अधिकारी के रूप में यात्रा अवधि में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सफल संचालन, श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य देखभाल तथा चिकित्सा सेवाओं के समुचित समन्वय का दायित्व निभा रहे हैं।
दोनों चिकित्सकों को प्राप्त यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत कार्यनिष्ठा, समर्पण एवं सेवाभाव का सम्मान है, बल्कि जनपद उत्तरकाशी के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए भी गौरव का विषय है। यह उपलब्धि इस बात को रेखांकित करती है कि पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पूरी प्रतिबद्धता से जनसेवा में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों को समाज में पहचान और सराहना मिल रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने दोनों चिकित्सकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनका समर्पण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों चिकित्सक भविष्य में भी इसी सेवाभाव एवं निष्ठा के साथ जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपना योगदान देते रहेंगे।
