उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
यमुनोत्री धाम
छह माह तक ग्रीष्मकालीन प्रवास के बाद विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम और बाबा केदारनाथ के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और मां यमुना के जयकारों के बीच शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इसके बाद शनिदेव महाराज की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई। दोपहर बाद मां यमुना के अपने मायके पहुंचने पर पूरा खरसाली गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं एवं जयकारों के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।
भैयादूज के अवसर पर शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 10:28 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। इस दौरान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली ने शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली के लिए प्रस्थान किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और मां यमुना के जयकारों के बीच डोली यात्रा अपने शीतकालीन पड़ाव की ओर बढ़ी।
दोपहर बाद मां यमुना की उत्सव डोली के खरसाली पहुंचने पर ग्रामीणों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। मां यमुना के अपने मायके पहुंचने से खरसाली गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। अब आगामी छह माह तक शीतकालीन प्रवास के दौरान श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के मंदिर में ही दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल सहित क्षेत्र की देव डोलियों के साथ ही पुलिस, प्रशासन, तीर्थपुरोहित एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यमुनोत्री मंदिर समिति को ग्रीष्मकालीन यात्रा में 90 लाख से अधिक की आय
बड़कोट। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम की छह माह की ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान यमुनोत्री मंदिर समिति को इस वर्ष दानपात्र और रसीद बुकों के माध्यम से 90 लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। यात्रा के समापन और शीतकाल के लिए धाम के कपाट बंद होने से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को मंदिर समिति ने चौथी बार दानपात्र खोलकर उसमें जमा धनराशि की गणना की। इस दौरान दानपात्र से 10 लाख 42 हजार 200 रुपये की नकदी प्राप्त हुई, जबकि रसीद बुकों के माध्यम से करीब छह लाख रुपये की आय हुई है।
मंगलवार को स्थानीय प्रशासन, पुलिस, यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और तीर्थपुरोहितों की मौजूदगी में दानपात्र खोले गए और प्राप्त धनराशि की गणना की गई।
इससे पहले भी यात्रा के दौरान तीन बार दानपात्र खोलकर धनराशि की गणना की जा चुकी है, इन सभी गणनाओं और रसीद बुकों से प्राप्त आय को मिलाकर इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन यात्रा में मंदिर समिति की कुल आमदनी 90 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
छह माह तक चली यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में दान भी किया। कपाट बंद होने के साथ ही अब मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली स्थित खुशीमठ पहुंच गई है, जहां आगामी छह माह तक श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
मां यमुना की डोली के खरसाली पहुंचने पर जयकारों से गूंज उठा यमुना का मायका
छह माह तक यमुनोत्री धाम में ग्रीष्मकालीन प्रवास के बाद जब मां यमुना की उत्सव डोली अपने मायके खुशीमठ (खरसाली) पहुंची तो पूरा गांव भक्ति, उल्लास और लोक संस्कृति के रंग में सराबोर हो उठा। मां यमुना के आगमन पर कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी तो कहीं महिलाओं के पारंपरिक रासो और तांदी नृत्य ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। मां यमुना और शनिदेव के जयकारों से पूरा यमुना का मायका गुंजायमान रहा। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां यमुना का भव्य स्वागत कर शीतकालीन प्रवास के इस विशेष पर्व को धूमधाम से मनाया।
बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। कपाट बंद होने से पूर्व तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर में विधि-विधान से हवन, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण किया। इसके बाद सुबह 10:28 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद शनिदेव की अगुवाई में मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली में विराजमान कर जयकारों के साथ शीतकालीन प्रवास खुशीमठ के लिए रवाना किया गया। दोपहर बाद मां यमुना की डोली खरसाली पहुंची, जहां ग्रामीणों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को यमुना के यमुना मंदिर में स्थापित किया गया।
स्थानीय पकवानों से लगाया मां यमुना को भोग
मां यमुना के शीतकालीन प्रवास पर मायके पहुंचने की खुशी में ग्रामीणों ने स्थानीय उत्पादों से विभिन्न पारंपरिक पकवान तैयार किए। पूरी, पकौड़ी, हलवा, खीर सहित कई तरह के पकवान बनाकर मां यमुना को भोग अर्पित किया गया। ग्रामीणों ने नई उमंग और उत्साह के साथ इस परंपरागत उत्सव को मनाया। इस मौके पर बाहर से पहुंचे श्रद्धालुओं का भी विशेष आतिथ्य सत्कार किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें स्थानीय उत्पादों से तैयार पकवान परोसकर पहाड़ी परंपरा और अतिथि सत्कार की अनूठी मिसाल पेश की।
रासो और तांदी नृत्य से बढ़ी उत्सव की रौनक
मां यमुना के खुशीमठ पहुंचने पर गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रांगण में गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रासो और तांदी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर उत्सव को और भी उल्लासमय बना दिया। सांस्कृतिक संध्या के तहत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान बाहर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्यों का भरपूर आनंद लिया।
