जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता देते हुए समय से पूरा किया जाए, जिससे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों की उपलब्धता और उनके प्रशिक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके साथ ही मतदान सामग्री की व्यवस्था, वाहनों की उपलब्धता, संचार माध्यमों और सुरक्षा संबंधी प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। इसलिए सभी नोडल अधिकारी अपने दायित्वों से संबंधित आवश्यकताओं का आकलन कर समय रहते व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से मतदान केंद्रों की स्थिति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां मतदाताओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, पर्याप्त रोशनी और मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए मार्ग की स्थिति की जांच कर ली जाए। जिन स्थानों पर सुविधाओं का अभाव है, वहां संबंधित विभाग अभी से कार्यवाही शुरू करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं और सौंपे गए दायित्वों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, डीडीओ वेद प्रकाश, एसटीओ आशीष खुदलानी, सीवीओ एचएस बिष्ट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
