
– बैंक से 40 नए सदस्य जुड़े, 38 निष्क्रिय सदस्यों को किया गया सक्रिय; विधायक सुरेश चौहान ने की पहल की सराहना
उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से मंगलवार को भटवाड़ी विकासखंड के नैताला बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा की अध्यक्षता में आयोजित मेले में विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को कुल 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, विशिष्ट अतिथि राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि किसानों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बैंक की प्राथमिकता है। सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि बैंक की ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान ऋण मेले आयोजित करना सराहनीय पहल है। सहकारी बैंक के माध्यम से किसानों, छोटे व्यवसायियों और युवाओं को आर्थिक सहायता मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।
मेले के दौरान बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। इसके अलावा 40 नए सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया, जबकि 38 निष्क्रिय सदस्यों को पुनः सक्रिय किया गया। वहीं, 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादित किया गया। मेले में किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न ऋण योजनाओं और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, किशोर भट्ट, राजेश राणा, विक्रम सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा सहित सहकारिता विभाग एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।
