उत्तराखंड Express ब्यूरो
नई दिल्ली
देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन (सी.पी. राधाकृष्णन) ने शुक्रवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे।
शपथग्रहण से पहले देशभर से कई राजनीतिक दिग्गज दिल्ली पहुंचे। इनमें ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और कर्नाटक व पंजाब के राज्यपाल भी शामिल थे। मंगलवार को हुए चुनाव में एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन ने विपक्षी उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को हराकर जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने बताया कि कुल 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जिनमें से 752 वोट वैध पाए गए। जीत के लिए आवश्यक बहुमत 377 था। एनडीए को पहले से ही 427 सांसदों का समर्थन प्राप्त था, लेकिन वाईएसआरसीपी के 11 सांसदों ने भी राधाकृष्णन का समर्थन कर उनकी स्थिति और मजबूत कर दी। दिलचस्प यह रहा कि उन्हें अपेक्षा से 14 वोट ज्यादा मिले, जिससे विपक्षी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की चर्चा तेज हो गई। वहीं, 13 सांसदों ने मतदान से दूरी बनाई, जिनमें बीजेडी, बीआरएस, शिरोमणि अकाली दल और एक निर्दलीय सांसद शामिल रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने राधाकृष्णन को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि वे संवैधानिक मूल्यों को मजबूती देंगे और संसदीय परंपराओं को नई दिशा प्रदान करेंगे।