*रिश्वतखोरी : तहसील कार्यालय में संग्रह अमीन व वरिष्ठ सहायक ₹ 14 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार*

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

हल्द्वानी

सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ा प्रहार करते हुए ऊधमसिंहनगर जनपद की तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को ₹14 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से भूमि पर लगे कुर्की आदेश को समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी के केसीसी ऋण पर जारी आरसी की कार्रवाई खत्म करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि संग्रह अमीन ने ₹10 हजार और वरिष्ठ सहायक ने ₹6 हजार रिश्वत मांगी थी।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। मंगलवार को टीम ने तहसील कार्यालय में जाल बिछाकर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8 हजार तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है और रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर सामने आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी सरकारी कर्मचारी यदि रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *