उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
उत्तरकाशी
अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट के अंतर्गत कफनौल क्षेत्र के दामणी तोक में भालू के हमले में 55 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हेली सेवा से हायर सेंटर रेफर किया गया। क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कफनौल निवासी रणवीर सिंह कफोला बकरियां चराने दामणी तोक गया था। इसी दौरान तिंया बीट क्षेत्र में भालू ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया।
इसके बाद पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल की सूचना पर घायल को धारी कलोगी स्थित थौलधार मिनी हेलीपैड से हेली सेवा के माध्यम से हायर सेंटर भेजा गया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि भालू के हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।
