उत्तराखंड Express ब्यूरो
थराली/चमोली
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा जनपद में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने एवं नियमों की अनदेखी कर यात्रियों व विशेषकर स्कूली बच्चों की जान को जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किए जाने हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में पुलिस स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग जैसे खतरनाक प्रचलन पर कड़ी निगरानी रख रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को थाना थराली पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान वाहन संख्या UK-11TA-0117 (बोलेरो) को रोका गया। पुलिस टीम ने जाँच में पाया गया कि चालक आनंद सिंह पुत्र भवान सिंह, निवासी थराली द्वारा 10 सवारी क्षमता वाले वाहन में 20 स्कूली बच्चों को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। यह लापरवाही बच्चों की जान को गंभीर जोखिम में डालने वाली थी।
थाना थराली पुलिस ने चालक के विरुद्ध सख्त रूख अपनाते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो और भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।
चमोली पुलिस की अभिभावकों से अपील है कि अपने बच्चों को ओवरलोडेड वाहनों में स्कूल न भेजें, स्कूल प्रबंधन से सुरक्षित एवं नियमानुसार परिवहन की मांग करें। कोई भी वाहन चालक ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार या लापरवाही से वाहन चलाता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पहाडी मार्गो पर ओवरलोडिंग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है, अपने बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करें।