*आस्था, सुरक्षा और सीमांत चुनौतियों के बीच शीतकालीन यात्रा,वाइब्रेंट विलेज योजना व आगामी अल्ट्रा मैराथन के दृष्टिगत एसपी चमोली ने किया सीमांत नीती घाटी दौरा*

उत्तराखंड Express ब्यूरो

चमोली

सीमांत क्षेत्र नीती घाटी में ‘छोटा अमरनाथ’ के नाम से विख्यात *टिम्मरसैंण महादेव* के दर्शनों के लिए इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। वर्तमान शीतकालीन यात्रा के दौरान *प्रतिदिन 500 से 1000 श्रद्धालु* बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सीमांत क्षेत्रों में पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* ने नीती घाटी का दौरा किया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने टिम्मरसैंण महादेव पहुँचकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से यात्रा मार्ग की स्थिति, सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन के अनुभव साझा किए और पुलिस की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया।

आगामी अप्रैल माह में नीती घाटी में एक भव्य *’अल्ट्रा मैराथन’* का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की महत्ता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और पुलिस चौकियों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मैराथन के रूट और सुरक्षा मानकों को देखते हुए सुराईथोटा और मलारी चौकियों का निरीक्षण किया गया। एसपी चमोली ने स्पष्ट किया कि इस *मार्ग पर पड़ने वाली प्रत्येक पुलिस चौकी की भूमिका सबसे अहम होगी।*

मलारी चौकी की वर्तमान स्थिति सही नहीं होने के कारण उन्होंने प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ को निर्देश दिए कि *’वाइब्रेंट विलेज’ योजना के तहत तत्काल इसके मरम्मत और आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करें।* पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण जो सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गए थे, उन्हें तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए ताकि संचार और प्रकाश व्यवस्था बाधित न हो।

*मलारी भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद किया।* वरिष्ठ नागरिक कपिल रावत और राजेंद्र राणा सहित अन्य ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। *ग्रामीणों ने बताया कि शीतकाल में भारी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं, लेकिन वर्तमान में यहाँ मेडिकल सुविधा बंद रहती है, जिससे आपात स्थिति में कठिनाई होती है।* नीती, मलारी और बाम्पा में ग्रामीण होम-स्टे का संचालन कर रहे हैं, लेकिन *ज्योतिर्मठ के बाद पूरी घाटी में कहीं भी पेट्रोल पंप नहीं है, जो पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या है।* ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल फोन के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली से ग्रामीणों की वार्ता करवाई।

इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक ने बीआरओ (BRO) के कमांडिंग ऑफिसर मेजर विवेक सोनी व द्वितीय प्रभारी सुनील कुमार त्रिपाठी से सुराईथोटा में भेंट की। वर्तमान में *बीआरओ द्वारा बॉर्डर तक सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिसके संबंध में समन्वय स्थापित कर आवाजाही को सुगम बनाने व सड़क के कार्य की प्रगति और सुरक्षा संवेदनशीलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।*इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *