उत्तराखंड Express ब्यूरो
कर्णप्रयाग
डाॅ.शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देश भक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं उसके आसपास वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ की भावना को साकार करना एवं विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना रहा। स्वच्छता अभियान में एनएसएस की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. चन्द्रावती टम्टा और कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. नेहा तिवारी पाण्डेय के दिशा निर्देशन में स्वयंसेवियों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. कविता पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी ‘नाॅट मी बट यू’ सिद्धांत वाक्य से प्रेरित होकर नि:स्वार्थ भाव से कार्य करते हैं। इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिका डाॅ.शालिनी सैनी,डाॅ.दिशा शर्मा एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र संघ पदाधिकारी,एन.सी. सी. कैडेट्स उपस्थित रहे।