उत्तराखंड Express ब्यूरो
चमोली
उत्तराखंड में जंगली जानवरों का आतंक कम नहीं हो रहा है आज चमोली जनपद के पोखरी विकासखण्ड में रौता ग्राम पंचायत में बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। थाला बैंड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को रौता ग्राम पंचायत में बाघ ने मोहित सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह को रौता गांव के समीप खेतों में पीठ और हाथ पर जोर से हमला कर घायल कर दिया। जिसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में उपचार चल रहा है। मोहित सिंह ने बहादुरी के साथ बाघ से लड़कर जान बचाई है। गनीमत रही जान बच गई। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी प्रभागीय वनाधिकारी को गांव में बाघ के सक्रियता को लेकर अवगत कराया गया था। उन्होंने बाघ को पिंजड़ा लगाकर कैद करने की मांग की जिससे ग्रामीण अपने खेतों में कार्य कर सकें। ग्रामीणों ने बाघ से भिड़ कर अपनी जान बचाने वाले मोहित को शासन व वन विभाग से जीवन रक्षा पदक से सम्मानित करने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने कहा रौता में बाघ के हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है जिसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों में दहशत न बने इसको लेकर उच्च अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। जिसका समाधान करने का प्रयास करेंगे।