*महाविद्यालय के डाॅ.रमेश भट्ट व डाॅ.हरीश बहुगुणा को मिला साईं सृजन पटल का ‘लेखक श्री सम्मान’*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

कर्णप्रयाग /चमोली

डॉ.शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में बुधवार को आयोजित समारोह में डाॅ.रमेश चंद्र भट्ट और डाॅ.हरीश बहुगुणा को प्राचार्य प्रो.राम अवतार सिंह ने साईं सृजन पटल की ओर से ‘लेखक श्री सम्मान’ से नवाजा। प्राचार्य ने दोनों प्राध्यापकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अध्ययन, अध्यापन और लेखन जेसे कार्य अध्यापक के व्यक्तित्व को निखारते हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डाॅ.कीर्तिराम डंगवाल ने बताया कि विभागाध्यक्ष भूगोल डाॅ.रमेश भट्ट अब तक साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका के विभिन्न अंकों के लिए 17 लेख लिख चुके हैं। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था उनके लेखन के केन्द्र बिन्दु रहे हैं। फ्योंली,फूलदेई, मांगल गीत,संस्कृत गांव, इगास बग्वाल, चौसिंग्या खाडू,ओंकारेश्वर, टिम्मरसैंण महादेव, त्रियुगीनारायण, मां मठियाणा देवी, उमरानारायण मंदिर, जाख देवता, जनजातीय आभूषण व वस्त्र के अलावा कर्णप्रयाग रेलवे लाइन, कमेड़ा भूस्खलन क्षेत्र और प्राकृतिक आपदाओं पर उन्होंने अत्यंत सारगर्भित व मौलिक लेखन किया है। इन विषयों उनके लेख साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका के विभिन्न अंकों में प्रमुखता से प्रकाशित हुए हैं। वहीं, संस्कृत विभाग के डाॅ.हरीश बहुगुणा के पर्यावरण संरक्षण और चित्रकला से संबंधित लेख प्रकाशित हुए हैं। कर्णप्रयाग महाविद्यालय से प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त और साईं सृजन पटल के मुख्य संपादक प्रो.के.एल.तलवाड़ ने अपने संदेश में कहा कि इस पत्रिका को स्थापित करने में कर्णप्रयाग महाविद्यालय के अनेक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अधिकांश प्राध्यापक देहरादून में पटल के कार्यालय में ‘लेखक श्री सम्मान’ से नवाजे जा चुके हैं। सम्मान समारोह में महाविद्यालय परिवार मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *