उत्तराखंड Express ब्यूरो
कर्णप्रयाग,
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कर्णप्रयाग में आज स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें छात्राओं को स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता बिजल्वाण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ प्रवक्ता गरिमा रतूड़ी ने कहा कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के साथ-साथ जल स्रोतों, मिट्टी और जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर चुनौती है। उन्होंने छात्राओं को कपड़े या जूट के थैले जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की छात्राओं ने भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ घर और स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय की समस्त छात्राओं के साथ कर्मचारी, अध्यापक वर्ग आदि द्वारा गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा स्कूल परिसर को साफ और स्वच्छ बनाया गया। इस अवसर पर अरुणा किमोठी,कमला कुनियाल, दीप्ति बृजवाल एवं अन्य अध्यापक कर्मचारी मौजूद रहे।