उत्तराखंड Express ब्यूरो
चमोली
*पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* द्वारा जनपद में अवैध वन संपदा के दोहन एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम लगाने तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की धरपकड़ कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के लिए जनपद पुलिस को निर्देशित किया गया है। विशेष रूप से भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत आने वाली प्रतिबंधित वन्य उपज की तस्करी पर सतर्क निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में SOG चमोली की टीम द्वारा चिडिंगा-देवाल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से *140 नग अवैध कीड़ा जड़ी (यारसागंबू)* बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त की पहचान *कुंवर सिंह पुत्र ललित सिंह, निवासी ग्राम खुम्पी, थाना बल्वाकोट, जनपद पिथौरागढ़* के रूप में हुई। बरामद की गई कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब *₹1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये)* आंकी गई है।
अवैध कीड़ा जड़ी बरामद होने पर अभियुक्त के विरुद्ध *थाना थराली में मु0अ0सं0-31/2026, धारा 26(1)(छ), 41/42 वन अधिनियम 1927 एवं धारा 3/28 उत्तराखण्ड इमारती लकड़ी एवं वन उपज अधिनियम/नियमावली 2012* के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की जा रही है तथा उसे *माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।*
चमोली पुलिस द्वारा जनपद की बहुमूल्य वन संपदा के अवैध दोहन, संग्रहण एवं तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। *प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले एवं अवैध वन उपज के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चमोली पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।*
*पुलिस टीम*
1- उ0नि0 सतेन्द्र बुटोला (एसओजी प्रभारी)
2- कां0 सलमान खान (एसोजी)
3- कां0 रजत (एसओजी)
