उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर और पीड़ित युवक घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने देवराज नामक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए तमंचे की नोक पर लूटपाट की और उसे गोली मार दी। बदमाश काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे और वारदात के बाद विश्रांति की ओर फरार हो गए। बदमाश पीड़ित के पास से करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, डायरी और जरूरी दस्तावेज लूटकर ले गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई देने पर घेराबंदी की गई, तभी बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। हालांकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान चली गोली से इंस्पेक्टर नरेश राठौर भी घायल हो गए।
घायल बदमाश, पीड़ित और इंस्पेक्टर को पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे जनपद में हाई अलर्ट जारी कर नाकाबंदी कर दी गई है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।