उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार पुलिस को चकमा देकर बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात करने के इरादे से ही क्षेत्र में निकले थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पहले भी कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
मौके से पुलिस ने दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
