उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला इलाके में बुधवार शाम एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। साईं मंदिर और प्राथमिक विद्यालय के आसपास खाद (यूरिया) से लदा अनियंत्रित ट्रक एक आई-20 कार पर पलट गया। कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का बच्चा सुरक्षित निकाल लिया गया। 
परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। कार में सवार लोगों को बचाने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों को कटर से गाड़ी काटनी पड़ी। मृतकों की पहचान मिश्रेश कपूर (38 वर्ष), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38 वर्ष), मां किरण कपूर (63 वर्ष) और कार चालक नीरज के रूप में हुई है। घायल बच्चे माहेर कपूर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ट्रक का अगला हिस्सा सड़क के दूसरी ओर चला गया, जबकि कंटेनर कार के ऊपर गिर गया। यूरिया के कट्टे निकालने और ट्रक हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
यह इलाका लंबे समय से हादसों का ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। ढलान, भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यहां बार-बार अनियंत्रित ट्रक पलटते रहे हैं। इस साल अब तक कई बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें जानें जा चुकी हैं। स्थानीय लोग और प्रशासन बार-बार सख्त कदमों की मांग करते रहे हैं, लेकिन हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा।
