*हजारा बुण्जाई मुल्तानी पंजाबी बिरादरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया लोहड़ी पर्व*

उत्तराखंड Express ब्यूरो

देहरादून

हजारा बुण्जाई मुल्तानी बिरादरी के तत्वावधान में लोहड़ी का पर्व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। रविवार को पटेल नगर के मनभावन पैलेस में वर्ष 1950 से पंजीकृत बिरादरी ने इस वर्ष लोहड़ी पर्व को वृहद स्तर पर आयोजित किया। पंजाब से आये कलाकारों की टीम ने इस अवसर पर पंजाब की लोक संस्कृति को शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। इस टीम ने भांगड़ा और पंजाब के नृत्यों के माध्यम से समां बांध दिया। उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का जम कर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पट्टाभिषेक कर सम्मानित भी किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद प्रांगण में विधि-विधान और पूजन-अर्चना के बाद ढोलों की थाप के बीच लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। इस पवित्र अग्नि के चारों ओर परिक्रमा कर लोगों ने प्रदेश की सुख- समृद्धि की कामना की। लोहड़ी के प्रमुख गीत ‘सुंदरी मुंदरी होय,तेरा कौण विचारा होय…’ गाकर लोगों ने इस पर्व के ऐतिहासिक महत्व को स्मरण किया। मूंगफली,रेवड़ी और मकई के दानों को अग्नि को अर्पित कर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस मौके पर कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोहड़ी पर्व के इस भव्य आयोजन में प्रधान पवन चंदोक, उप प्रधान अशोक मल्होत्रा,महासचिव सचिन विज,सचिव अभिषेक तलवाड़,कोषाध्यक्ष संजय उप्पल, मीडिया प्रभारी अभिनव थापर व प्रदीप सूदी आदि ने प्रमुख भूमिका निभाई। साईं सृजन पटल के संस्थापक प्रो.के.एल तलवाड़ ने हर्षोल्लास के इस पर्व लोहड़ी की सभी को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *