बड़कोट महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग, उच्च शिक्षा मंत्री से मिले छात्र प्रतिनिधि, चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

 

बड़कोट (उत्तरकाशी)

राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर तक उच्चीकृत करने सहित छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एबीवीपी एवं छात्र संघ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर छात्र हितों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय को शीघ्र पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने, डांडा गांव-छानी से महाविद्यालय तक सड़क निर्माण की स्वीकृति देने, महाविद्यालय की चहारदीवारी से संबंधित भूमि विवाद का शीघ्र निस्तारण करने तथा छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बड़कोट नगर से करीब नौ किलोमीटर दूर स्थित महाविद्यालय में सीमित परिवहन व्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। नियमित बस सेवा के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं, महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत नहीं किए जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि बड़कोट महाविद्यालय का पीजी स्तर तक उच्चीकरण क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष छात्र-छात्राओं की जायज मांगों को प्रभावी ढंग से रखा गया है और इनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए महाविद्यालय के पीजी स्तर तक उच्चीकरण सहित छात्र हितों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भारत रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश रावत एवं अतोल रावत, ग्राम प्रधान नगाणगांव हरदेव चौहान, कालिंदी मंडल अध्यक्ष प्रवीण असवाल, महामंत्री तरवीन राणा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष सिंह पंवार, छात्र नेता संपन्न बहुगुणा, उज्ज्वल जुडियाल, रोहित सौरभ, आयुष सहित एबीवीपी एवं छात्र संघ के पदाधिकारी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *