– फूलों से सजा यमुनोत्री मंदिर, भजन-कीर्तन और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
बड़कोट (उत्तरकाशी)
आस्था और भक्ति से सराबोर यमुनोत्री धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। आराध्य देव सोमेश्वर महाराज की डोली के सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर माहौल को कृष्णमय बना दिया। मंदिर समिति की ओर से आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर यमुनोत्री मंदिर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण और मां यमुना के जयकारे लगाए।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को लेकर यमुनोत्री धाम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल एवं पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भजन-कीर्तन एवं भंडारे की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से यमुनोत्री धाम की आध्यात्मिक परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।