– किसानों, युवाओं और स्वरोजगार करने वालों को मिला आर्थिक संबल, जिला सहकारी बैंक की विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित किए ऋण स्वीकृति चेक
उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
पुरोला (उत्तरकाशी)
उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से विकासखंड परिसर पुरोला में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत 91 कृषकों एवं अन्य लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 14 लाख 18 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। ऋण मिलने से क्षेत्र के किसानों, युवाओं, व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बुधवार को आयोजित किसान ऋण मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा एवं जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके।
उन्होंने बताया कि किसान ऋण मेले में कुल 91 लाभार्थियों को 114.18 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। उन्होंने किसानों एवं क्षेत्रवासियों से बैंक की विभिन्न ऋण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही किसानों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से बैंक की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
मेले में किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार करने वाले लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारे लाल हिमानी, खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव असवाल एवं बलदेव रावत, रामासिराई की अध्यक्ष सुनीता देवी, देवडुंगा सहकारी समिति के अध्यक्ष अमीन सिंह नेगी सहित विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बैंक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
