पुरस्कार :उत्तराखंड बोर्ड की परिषदीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य के 114 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान 2026 से किया गया सम्मानित*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

*रामनगर /नैनीताल*

 

उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् रामनगर (नैनीताल) द्वारा परिषदीय परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य के चयनित 114 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों को परिषद् सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी, कौशल एकेडमी इण्टरनेशनल के निदेशक डॉ० गिरीश घुगत्याल, अपर निदेशक कुमाऊँ गजेन्द्र सिंह सौन, संयुक्त सचिव चण्डी प्रसाद रतूडी, उप सचिव सुषमा गौरव, अन्तर्राष्ट्रीय एथलीट विजेन्द्र चौधरी व अन्य अतिथियों द्वारा शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजेन्द्र चौधरी द्वारा की गयी।

बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परिषद् द्वारा पहली बार यह अभिनव प्रयास किया गया है। विभिन्न विषयों में शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों के विषयाध्यापकों को प्रोत्साहित करने एवं प्रदेश में गुणवत्ता पूर्ण शैक्षणिक माहौल विकसित करने के उद्देश्य से यह समारोह आयोजित किया गया है। इसमें कौशल एकेडमी इण्टरनेशनल कानिया रामनगर द्वारा अपना सहयोग प्रदान किया गया है। इस हेतु संस्था का आभार प्रकट किया तथा चयनित शिक्षक अपने प्रयासों को जारी रखते हुए इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अन्य शिक्षक व विद्यार्थी भी लाभान्वित हो सकें। उपस्थित शिक्षकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत और अभिनन्दन किया गया।

कौशल एकेडमी इण्टरनेशनल संस्था के निदेशक डॉ० गिरीश घुगत्त्याल द्वारा अपनी संस्था के माध्यम से किये जा रहे प्रयासों व गतिविधियों की जानकारी दी गई। सभी शिक्षकों का आहवान किया गया कि वे संस्था के प्रयासों से लाभान्वित हो तथा प्रदेश के विद्यार्थियों के कौशल विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम को अपर निदेशक कुमाऊँ मण्डल गजेन्द्र सिंह सौन द्वारा भी सम्बोधित किया गया।

समारोह में अन्तर्राष्ट्रीय एथलीट विजेन्द्र चौधरी ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की अपील की।

इस अवसर पर कुमाऊँ मण्डल के अपर शिक्षा निदेशक गजेन्द्र सिंह सौन, बोर्ड के संयुक्त सचिव सी०पी० रतूडी, उप सचिव सुषमा गौरव, कार्यक्रम के समन्वयक व शोध अधिकारी डॉ० नन्दन सिंह बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी मोहन नैनवाल, सन्दीप बिष्ट, मनमोहन सिंह, दीप गोस्वामी, पंकज जोशी, दीवान गिरी, सन्तोष कोहली, वर्तिका, पियूषकान्त, अरविन्द रावत, महिपाल सिंह, निधि प्रकाश, अंशू चौहान, बालम सिंह, बचे सिंह रावत, धर्मेन्द्र बिष्ट, जीतेन्द्र कण्डारी सहित विभिन्न जनपदों के चयनित शिक्षक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन शोध अधिकारी दरपान सिंह रौतेला द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *