*दुखद घटना : घास काटने गई महिला को गुलदार ने मार डाला, क्षेत्र में दहशत व आक्रोश*

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

पौड़ीगढ़वाल

उत्तराखंड में मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं नहीं थम रही है, आये दिन किसी न किसी क्षेत्र से वन्य जीवों द्वारा मानव पर हमलों की सूचना मिल रही है, आज पौड़ी जनपद के मुख्यालय से सटे बमठी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक गुलदार ने 60 वर्षीय महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे महिला घर के पास खेत में चारा-पत्ती लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक गुलदार उसे घसीटकर ले जा चुका था। बाद में ग्रामीणों ने महिला का शव बरामद किया।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और लगभग हर महीने किसी न किसी व्यक्ति को इसका शिकार बनना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने या मारने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

वहीं, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटना की जांच के साथ ही गुलदार की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *