*महिला को निवाला बनाने वाला गुलदार ढेर, शिकारी जॉय हुकिल ने किया शिकार*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

पौड़ी गढ़वाल

पौड़ी के खाण्ड्यूसैन के पास देवार क्षेत्र के वाड़ी गांव में महिला को निवाला बनाने वाले गुलदार को आखिरकार ढेर कर दिया गया। प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल ने मौके पर पहुंचकर अपनी सटीक गोली से गुलदार का शिकार किया, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली। लेकिन ग्रामीणों में अभी भी आक्रोश बना हुआ है।

ज्ञात हो कि मंगलवार को वाड़ी गांव में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल था और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।

सूत्रों के अनुसार घटना के बाद गुलदार गांव के आसपास ही मौजूद था और लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र थे। इसी दौरान प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल ने स्थिति का आकलन करते हुए गुलदार को निशाना बनाया और एक सटीक गोली से उसे ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं मारा जाता तो वह कई अन्य ग्रामीणों पर भी हमला कर सकता था।

गुलदार के मारे जाने के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत महसूस की। लेकिन ग्रामीणों में अभी भी भारी आक्रोश है।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार के शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक कानूनी एवं वन्यजीव संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में लोगों से सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।

महिला की मौत से शोकाकुल ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *