उत्तराखंड Express ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल
श्रीनगर गढ़वाल में शुक्रवार देर रात पौड़ी चुंगी क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच हुई मारपीट में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पौड़ी चुंगी पर एक वाहन को ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। मामला शांत होने के बजाय बढ़ता गया और श्रीयंत्र टापू पहुंचते-पहुंचते विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि राजस्थान के कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और स्थानीय युवकों पर डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, एक स्थानीय युवक के हाथ पर दांत से काटने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय युवकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हाल ही में कर्णप्रयाग, नगरासू और देहरादून में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए स्थानीय युवकों में उत्तराखंड पुलिस पर अविश्वास की भावना बन गई है साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बड़ी संख्या में युवक थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात तक कई युवक थाने के बाहर बैठे रहे।
पुलिस के द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बाद घायल तीनों स्थानीय युवक मेडिकल परीक्षण कराने और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजी हुए। देर रात मेडिकल प्रक्रिया पूरी कराई गई। बताया जा रहा है कि आज घायल युवक कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देंगे, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।