Crime : गुलदार की खाल के साथ पुलिस ने दो युवक किये गिरफ्तार

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

रुद्रप्रयाग

 

जनपद में पुलिस ने वन्य जीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोशीमठ और पीपलकोटी के दो युवकों को बाघ (गुलदार) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से बरामद खाल को वन विभाग ने संरक्षित वन्य जीव की खाल के रूप में पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान नगरासू क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कूटी को रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दोनों युवकों के कब्जे से बाघ (गुलदार) की खाल बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस खाल को जोशीमठ से लाकर हरिद्वार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहर लाल (निवासी पीपलकोटी) और सुरेश लाल (निवासी जोशीमठ) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” और बॉर्डर चेकिंग अभियान के तहत की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।
चारधाम यात्रा से पहले पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा और वन्य जीव संरक्षण के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *