उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी शुक्रवार को केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं।
जानकारी के अनुसार अदाणी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे, जहां से वह निजी हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ के लिए रवाना हुए और सुबह करीब आठ बजे धाम पहुंच गए। वीआईपी आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रही।
धाम में दर्शन के बाद गौतम अदाणी प्रस्तावित सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे भी करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है, जिसका जिम्मा अदाणी समूह को सौंपा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ष 2023 में अदाणी केदारनाथ धाम आ चुके हैं। उस दौरान उन्होंने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की सराहना करते हुए रोपवे परियोजना में सहयोग का आश्वासन दिया था।
उनके इस दौरे को धाम के विकास और क्षेत्रीय पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों को उम्मीद है कि रोपवे परियोजना के जल्द शुरू होने से यात्रा सुविधाजनक होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।