उत्तराखंड Express ब्यूरो
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल
चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया, व सभी यात्री सुरक्षित बच गये!प्राप्त जानकारी के अनुसार बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रही एक यात्री बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बस को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही तोता घाटी के खतरनाक मोड़ों पर पहुंची, चालक को ब्रेक सिस्टम में खराबी का आभास हुआ। पहाड़ी मार्ग होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन चालक ने धैर्य बनाए रखते हुए बस को धीरे-धीरे नियंत्रित किया और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
बस रुकते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना की, जिनकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद बस में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने की व्यवस्था की गई, जबकि यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।