उत्तराखंड Express ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल
टिहरी गढ़वाल के चम्बा-आराकोट से लेकर सत्यो-सकलाना क्षेत्र तक आज सुबह आसमान में एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की सांसें रोक दीं। दरअसल, यह हेलीकॉप्टर पहले बद्रीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी जा रहा था, लेकिन गुप्तकाशी में अचानक किसी वीआईपी मूवमेंट (VIP Movement) होने के कारण पायलट को सीधे देहरादून जाने का मैसेज मिला। गुप्तकाशी न रुककर सीधे देहरादून जाने के लिए पायलट को अपना निर्धारित रूट बदलना पड़ा और इसी नए रूट से आते समय चम्बा-आराकोट के ऊपर आसमान में ट्रांस भारत एविऐशन कंपनी के इस हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर (हिस्से) में अचानक बिजली की 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया। यात्रियों और पायलट के अनुसार, हाईटेंशन तार रोटर में फंसने के कारण हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह हिचकोले खाने लगा और लगातार अनियंत्रित होकर नीचे (डाउन-डाउन) आने लगा, लेकिन इस बेहद डरावने और जानलेवा संकट के बीच कंपनी की जांबाज महिला पायलट ने अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय दिया और वो उस फंसे हुए हाईटेंशन तार के साथ ही हेलीकॉप्टर को संभालते हुए आगे बढ़ीं तथा सत्यो-सकलाना के खुले खेतों में लाकर उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह रही कि 11000 वोल्ट का वह भारी-भरकम बिजली का तार चम्बा-आराकोट से लेकर सत्या-सकलना के खेतों तक हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में ही फंसा हुआ घिसटता चला आया, जिससे हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा डैमेज (क्षतिग्रस्त) हो गया है, मगर इस महासंकट के बावजूद ट्रांस भारत एविऐशन की महिला पायलट की चमत्कारिक जांबाजी के कारण हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिन्होंने मौत के मुंह से सकुशल बाहर निकलने पर पायलट की बहादुरी को कोटि-कोटि नमन किया है।