उत्तराखंड Express ब्यूरो
देवप्रयाग /टिहरी
पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी शुक्रवार को तोताघाटी के पास हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि पहाड़ी से अचानक गिरे भारी पत्थर उनकी गाड़ी पर आ गिरे। पत्थरों की चपेट में आने से सांसद का वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सांसद अनिल बलूनी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद सांसद अनिल बलूनी देहरादून से अपनी कार से घटनास्थल का जायजा लेने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान तोताघाटी क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और एक भारी पत्थर सांसद के वाहन से जा टकराया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पत्थर की चपेट में आने से वाहन को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि हादसे में सांसद अनिल बलूनी और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बने भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे को सामने ला दिया है।
गौरतलब है कि पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है। टनल के भीतर फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। इसी घटनाक्रम का जायजा लेने के लिए सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी जा रहे थे।
इस बीच मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम को लेकर जारी चेतावनी के बीच पहाड़ी मार्ग पर सांसद के वाहन के साथ हुई यह घटना बेहद गंभीर मानी जा रही है। तोताघाटी में पत्थर गिरने की घटना ने पहाड़ों में सफर के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत को भी रेखांकित किया है।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि भारी पत्थर वाहन पर गिरने के बावजूद सांसद अनिल बलूनी को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।