
जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट/उत्तरकाशी*
राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट की एनसीसी कैडेट सीनियर अंडर ऑफिसर अंजलि ने रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी)–2026 के अंतर्गत ऑल इंडिया एनसीसी गर्ल्स कंटिंजेंट का हिस्सा बनकर 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ, नई दिल्ली पर आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस परेड में मार्च कर इतिहास रच दिया।
कैडेट अंजलि 3 यूके बटालियन एनसीसी से संबद्ध हैं और ग्राम धराली निवासी देवेंद्र सिंह की पुत्री हैं। देशभर से चयनित श्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स के साथ कदमताल करते हुए उन्होंने अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समर्पण का प्रभावी प्रदर्शन किया। कर्तव्य पथ पर मार्च करना न केवल अंजलि और उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे रवांई क्षेत्र और उत्तरकाशी जनपद के लिए गौरव की बात है।
आरडीसी–2026 में चयन के लिए अंजलि को कठिन प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसमें शारीरिक दक्षता, ड्रिल, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन से जुड़े कई चुनौतीपूर्ण चरण शामिल थे। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों की बेटियां मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने कैडेट अंजलि को इस सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इसे महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट विनय शर्मा ने अंजलि की सफलता को उनकी कठोर मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताते हुए इसे एनसीसी एवं महाविद्यालय दोनों के लिए बड़ी उपलब्धि कहा। महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी अंजलि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कैडेट अंजलि की यह सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि मेहनत, लगन, अनुशासन और देशसेवा की भावना से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।