*उत्तरकाशी : राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का चक्रगांव में हुआ शुभारम्भ*

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को ग्राम चक्रगाँव में शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट रवीन्द्र पुंडीर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने की और स्वयंसेवियों को सात दिवसीय विशेष शिविर हेतु शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि रवीन्द्र पुंडीर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में “Not Me, But You” के मूल मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। उन्होंने वन संरक्षण एवं सामुदायिक सहयोग के महत्व पर विशेष बल दिया।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ बी.एल थपलियाल ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल मेहनत करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा में और सुविचारित रणनीति के साथ किया गया प्रयास ही सफलता दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक कार्य को लक्ष्य, योजना और टीम वर्क के साथ करने की प्रेरणा दी।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र सेमवाल ने शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर के अंतर्गत ग्राम सर्वेक्षण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, श्रमदान, जन-जागरूकता रैली, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों पर संवाद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्वयंसेवियों को अनुशासन, टीम वर्क एवं सेवा भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूजा ने स्वयंसेवियों को शिविर का मुख्य स्तंभ बताकर उन्हें अपनी पूरी मेहनत, ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के इस सात दिवसीय शिविर कार्यक्रम में महाविद्यालयों से शार्दुल बिष्ट, दीपेंद्र रावत, यशपाल जयाड़ा, ग्राम प्रतिनिधि सचिन राणा और अन्य ग्राम सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *