जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) सचिव पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा भटवाड़ी तहसील के विकास का दायित्व मिलने के उपरांत तहसील के समग्र और सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिला सभागार में समीक्षा बैठक की। सचिव ने स्पष्ट किया कि भटवाड़ी तहसील को विकास के पथ पर अग्रणी बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, जनसुविधाओं का विस्तार, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा सतत विकास की अवधारणा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास केवल योजनाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए, ताकि आमजन को उसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
लोनिवि सचिव ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे तहसील के विकास हेतु विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करें। इस मास्टर प्लान में क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, लोगो की आवश्यकताओं, आधारभूत संसाधनों तथा भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक योजनाओं का समावेश किया जाए। प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना समयबद्ध लक्ष्य के साथ प्रस्तुत करेगा, जिससे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विकास कार्यों में किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या वित्तीय समस्या आती है तो वह अवगत कराए शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो। सचिव स्तर पर समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का मूल्यांकन भी किया जाएगा।
लोनिवि सचिव पंकज कुमार पाण्डेय ने वर्ष 2025–26 की जिला योजना के अंतर्गत लोनिवि, विद्युत, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की। सड़क, पुल एवं भवन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने, विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाने, पेयजल योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय सेवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
सचिव पंकज कुमार पांडे ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को गति देते हुए अधीक्षण अभियंता लोनिवि और बीआरओ के अधिकारियों के साथ गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और बीआरओ व लोनिवि के अधिकारियों को दो-टूक लहजे में कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए। यात्रा से पूर्व मार्ग को हर हाल में पूर्ण रूप से सुगम और सुरक्षित बनाने के संकल्प के साथ सचिव ने जिलाधिकारी के साथ समीक्षा की।
सचिव ने कहा यात्रा मार्ग की सुगमता और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीआरओ और लोनिवि को साथ में समन्वय स्थापित कर संवेदनशील स्थानों के उपचार और सड़क सुधारीकरण के लिए सख्त समय-सीमा तय कर दी है।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण यात्रा है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। सुरक्षित , सुगम, और व्यवस्थित चारधाम यात्रा का संचालन करना प्रशासन की प्राथमिकता है ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।बैठक के दौरान एडीएम मुक्त मिश्र, पीडी डीआरडीए अजय सिंह सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।