*उत्तरकाशी : बेटियों की सेहत को राष्ट्रीय सुरक्षा कवच: जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान की हुई शुरुआत*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

देशभर में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान की आधिकारिक शुरुआत अजमेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने के बाद जनपद उत्तरकाशी में भी शनिवार से इसका विधिवत शुभारंभ हो गया। यह विशेष अभियान 31 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी।

जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुरेश चौहान गंगोत्री तथा प्रशांत आर्य जिलाधिकारी द्वारा किया गया | कार्यक्रम में 7 बालिकाओं को ये टीका लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद में 7 स्थानों पर ये टीका लगवाया जाएगा जिसमें सभी ब्लॉक मुख्यालय के चिकित्सालय तथा जिला चिकित्सालय शामिल है। जनपद में लगभग 3000 बालिकाओं को ये टीका लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बी एस पांगती ने कहा कि सभी सेशन स्थलों पर कोल्ड चेन व्यवस्था, प्रशिक्षित स्टाफ और आवश्यक चिकित्सीय प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है।

इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक डॉ पी एस पोखरियाल , अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर कुलवीर राणा , डॉक्टर शैलेंद्र बिजलवाण एडीआईओ प्रीति गौड़ सेमवाल और संजय बिजलवान, डीपीएम हरदेव राणा उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अभिभावकों से अपील की कि वे भ्रांतियों से दूर रहकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाएं।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में अधिकतम पात्र बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित करना है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में जनपद उत्तरकाशी एक सशक्त उदाहरण बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *