*उत्तरकाशी : वन चेतना केंद्र बड़कोट में वनों के संरक्षण व संवर्धन के प्रति जागरूकता को हुआ गोष्ठी का आयोजन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

अपर यमुना वन प्रभाग के अंतर्गत वन चेतना केंद्र, बड़कोट में विश्व वन दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। उक्त गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वनों के संरक्षण, संवर्धन हेतु जागरूकता प्रसारित करना था। गोष्ठी में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम के दृष्टिगत अग्रिम पंक्ति के क्षेत्रीय वन कर्मचारियों, क्यूआरटी के सदस्यों, ग्राम स्तर पर गठित पीआरटी के सदस्यों तथा विभिन्न रेंजों के क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शेखर राणा, वन क्षेत्राधिकारी, रंवाई राजि द्वारा विश्व वन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वनों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जन-जागरूकता बढ़ाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए गए। उन्होंने वन संसाधनों के सतत प्रबंधन एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया।तत्पश्चात आशीष नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी कुथनौर राजि एवं शिवानी रावत प्रशिक्षु वन क्षेत्राधिकारी द्वारा भी उपस्थित क्षेत्रीय कर्मचारियों को वनों के संरक्षण एवं प्रभावी प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
तत्पश्चात “मैं भी स्वच्छता सेनानी” हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों द्वारा पोस्टर पर हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई एवं अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ ग्रहण की गई। इसके उपरांत वन चेतना केंद्र परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर साफ-सफाई की गई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *