बड़कोट के पुराने बाजार में चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में हुई कैद

बड़कोट

नगर पालिका परिषद बड़कोट अंतर्गत पुराने बाजार क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बड़कोट में चोरी की एक घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी।

रविवार को रात करीब साढ़े बारह बजे एक युवक हाथ में डंडा लेकर पहुंचा और डंडे से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी यहीं नहीं रुका, बल्कि एक आइस्क्रीम की ठेली भी चोरी कर ले गया।

चोरी की घटना के बाद सुबह घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर सड़क पर ठेली का डी-फ्रिज बेतरतीब हालत में गिरा हुआ मिला, जबकि ठेली का बाकी हिस्सा अभी तक नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पुराने बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। घरों के बाहर से रात के समय जूते और कपड़े चोरी होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच बड़कोट पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं नगरवासियों ने पुलिस से चोरों पर सख्त कार्रवाई करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *